वाराणसी में ब्लैक आउट:अफसर उतरे सड़क पर; सैनिकों के लिए गंगा आरती

UP / Uttarakhand

(वाराणसी UP)08मई,2025.

वाराणसी एयरपोर्ट पर 15 मिनट तक ब्लैक आउट किया गया। सभी लाइटों को बंद कर आपातकालीन स्थिति के लिए अभ्यास किया गया। इस दाैरान लोगों को सुरक्षा उपायों के प्रति जानकारी दी गई।

आपातकालीन समय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बताया गया कि जब भी सायरन बजे जहां हैं, वहीं लेट जाएं। एयरपोर्ट संपर्क मार्ग की लाइटें भी की बंद कर दी गईं। बता दें कि ब्लैक आउट का समय रात नाै से 10 बजे तय किया गया था। हालांकि, एयरपोर्ट निदेशक ने 7 से 7:15 बजे तक ब्लैक आउट की पुष्टि की है।

इससे पहले काशी की विश्वविख्यात गंगा आरती में ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखी। भक्तों ने जम्मू कश्मीर में हमले को लेकर भारतीय सेना को बधाई दी।

एयरपोर्ट, बरेका सहित कई जगहों पर बंद हो गई लाइट
आपातकालीन स्थितियों में रहने के उद्देश्य से कराए गए अभ्यास में ब्लैक आउट का असर बुधवार को काशी में देखने को मिला। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर रेलवे स्टेशनों, पुलिस लाइन परिसर, काशी विद्यापीठ परिसर सहित अन्य जगहों पर शाम होने के बाद से अलग-अलग समय लोगों ने लाइट बंद कर लिया। शहर से लेकर गांव तक कहीं आधे घंटे तो कहीं 10 मिनट तक ब्लैक आउट रहा।

बाबतपुर एयरपोर्ट पर 15 मिनट तक ब्लैक आउट किया गया। इस दौरान सभी लाइटों को बंद कर आपातकालीन स्थिति के लिए अभ्यास करने के साथ ही लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा केमद्देनजर रहने के बारे में जागरूक किया गया। कार्यवाहक एयरपोर्ट निदेशक की मौजूदगी में एयरपोर्ट संपर्क मार्ग की लाइटें भी बंद की गई। यहां शाम 7 से 7:15 बजे तक ब्लैक आउट किया गया।

उधर बरेका परिसर में रात 8 बजे से 8 बजकर 10 मिनट तक ब्लैक आउट हुआ। इसके साथ ही बरेका परिसर में रात्रि 8 बजे मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जैसे ही इमरजेंसी सायरन की तीव्र ध्वनि परिसर में गूंजी, पूरे क्षेत्र में मात्र कुछ ही क्षणों में अंधकार छा गया। पूरे 10 मिनट तक बरेका का समूचा परिसर ब्लैकआउट में डूबा रहा। इसका आयोजन नागरिक सुरक्षा संगठन, बरेका द्वारा किया गया।

माैके पर माैजूद रहे अफसर
इस अवसर पर मंडलायुक्त एस.राजलिंगम,जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार,अपर पुलिस आयुक्त डॉ एस. चिनप्पा, उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा महेश प्रताप सिंह आदि लोग उपस्थित रहे। इधर गोलघर पुरानी साड़ी मंडी में व्यापारियों ने रात 9 बजे ब्लैक आउट किया। पुलिस लाइन में रात 8.40 बजे ब्लैक आउट हुआ।

काशी विद्यापीठ परिसर में बुधवार की देर शाम 7.30 बजे से 8.30 बजे तक अंधेरा छा गया। विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षक, कर्मचारी आवासों में लोगों ने इस दौरान अपनी लाइटें बंद रखीं। इस दौरान कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने लोगों से ब्लैक आउट का समर्थन करने की अपील की।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *