( लखनऊ,UP )27जुलाई,2025.
उत्तर प्रदेश के 22 वरिष्ठ प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति मिली है।कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।इन अधिकारियों को 2019, 2020 और 2021 के बैच आवंटित किए गए हैं।इस पदोन्नति का आधार 2023 और 2024 की चयन सूची है. खास बात यह है कि 22 में से दो आईएएस अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि शेष 20 अधिकारियों को जल्द ही नई तैनाती मिलने की उम्मीद है।
पदोन्नति पाने बलराम सिंह को सिद्धार्थनगर का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और विनोद कुमार गौड़ को फर्रुखाबाद का सीडीओ नियुक्त किया गया है। यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बाकी 20 अधिकारियों की तैनाती के लिए सरकार जल्द ही आदेश जारी कर सकती है।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों की सूची में भानु प्रताप यादव को 2019 बैच, जबकि विधान जायसवाल, राजेश कुमार सिंह, बलराम सिंह, शैलेंद्र कुमार भाटिया, देवी प्रसाद पाल, अंजू लता, जय नाथ यादव, गुलाब चंद्र, राम सुरेश वर्मा, रण विजय सिंह, दयानंद प्रसाद और विनोद कुमार गौड़ को 2020 बैच आवंटित हुआ है. वहीं, सचिन कुमार सिंह, विवेक कुमार0p श्रीवास्तव, बसंत अग्रवाल, वंदिता श्रीवास्तव, महेंद्र कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, राजेश कुमार, योगेंद्र कुमार और नीलम को 2021 बैच मिला है।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह पदोन्नति उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा लाने का काम करेगी। पीसीएस से आईएएस में पदोन्नति पाने वाले ये अधिकारी अपने अनुभव और कौशल के दम पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को निभाएंगे। सरकार का यह कदम न केवल इन अधिकारियों के करियर को नई ऊंचाई देगा, बल्कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा।उम्मीद है कि जल्द ही बाकी अधिकारियों की तैनाती के साथ प्रशासन में और तेजी आएगी(साभार एजेंसी)
