फतेहपुर की घटना पर हंगामे के बीच चला सदन,कार्यवाही कल 11बजे होगी शुरू

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)12अगस्त,2025.

यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र चल रहा है। प्रश्नकाल में स्कूल मर्जर, फतेहपुर की घटना, शिक्षक भर्ती और पत्रकार सुरक्षा के मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार से सामने सवाल दागे। सत्ता पक्ष की तरफ से संबंधित मंत्रियों ने उनके जवाब दिए।

फतेहपुर की घटना में अपने नेता को बचा रही सरकार-विधायक आराधना मिश्रा मोना:
फतेहपुर में मकबरे में हंगामे की घटना पर कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि घटना के सात दिन पहले एक नेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की। तय समय पर घटना भी की। सारे साक्ष्य सबके सामने हैं। इसके बाद भी सरकार उस नेता को बचा रही है।

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की सफलता पर बधाई प्रस्ताव पारित:
भारतीय अंतरिक्ष यात्री एवं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के Axiom-4 मिशन की सफलता पर उनके सम्मान में सरकार की तरफ से बधाई प्रस्ताव पारित किया गया। मौजूद सभी सदस्यों ने इसका समर्थन किया।

बताते चलें कि करीब चार दशक बाद मानव अंतरिक्ष उड़ान के क्षेत्र में भारत ने वापसी की। एक्सिओम-4 मिशन के तहत लखनऊ के रहने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने सफलता पूर्वक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) से धरती पर वापसी की। ग्रुप कैप्टन शुक्ला और उनकी टीम को देशभर से शुभकामनाएं मिलीं। अब यूपी विधानसभा में बधाई प्रस्ताव भी पारित किया गया है।

मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर करूंगा कार्रवाई- विधानसभा अध्यक्ष:
सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच विधायक पल्लवी पटेल मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें वीडियो न बनाने की हिदायत दी। बनाए गए वीडियो को डिलीट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सोशल मीडिया पर सदन का कार्यवाही का वीडियो देखा तो मैं संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करूंगा।

10 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज:
नेता प्रतिपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार इसका बिल्कुल समर्थन नहीं करती है। मामले में 10 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत दंड मिलेगा।

सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ना सरकार का मोटिव- नेता प्रतिपक्ष:
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने फतेहपुर में मकबरे में हुए हंगामे की घटना को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के नेता ने सात दिन पहले लोगों को आने का आह्वान किया। तय समय पर हंगामा किया। पुलिस उसको संभाल नहीं पाई। सरकार का यह मोटिव हो चुका है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़े।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *