(कानपुर,UP)06दिसंबर,2025.
कानपुर में अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क चलाने वाले रवींद्रनाथ सोनी की गिरफ्तारी के बाद देश ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, मलेशिया, दुबई और फ्रांस से भी पीड़ित लगातार कानपुर पहुंचकर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। अब तक की पुलिस जांच में करीब 970 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय ठगी का खुलासा हो चुका है। जानकारी के अनुसार, रवींद्रनाथ सोनी मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला है और बैंकिंग सेक्टर में काम कर चुका है।
इसका फायदा उठाकर उसने ठगी का जाल बिछाया। सोनी ने दुबई में ब्लूचिप कंपनी का मुख्य कार्यालय बनाकर लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देकर भारी निवेश कराया। दुबई ऑफिस पर ताला लगने के बाद लोगों को ठगी का एहसास हुआ और वहां भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। कानपुर पुलिस ने उसे हाल ही में उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था। पुलिस अब तक सोनी के एक करोड़ रुपये के अकाउंट फ्रीज कर चुकी है और डिजिटल निवेश की जांच जारी है।
कस्टडी रिमांड मिलने के बाद और बड़े खुलासे की संभावना
पुलिस के मुताबिक, सोनी ने हवाला और क्रिप्टो करेंसी के जरिए बड़े पैमाने पर रकम डाइवर्ट की है, जिसकी जानकारी जुटाना जांच टीम के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस ने उसके नेटवर्क का पर्दाफाश करने और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने के लिए कोर्ट से कस्टडी रिमांड की मांग की है। कस्टडी रिमांड मिलने के बाद और बड़े खुलासे की संभावना है।(साभार एजेंसी)
