(लखनऊ,UP)12दिसंबर,2025.
उत्तर प्रदेश में रबी 2025–26की तैयारी को मजबूती देने के लिए 12 से 28 दिसंबर तक हर ग्राम पंचायत में किसान पाठशाला और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री संयुक्त रूप से शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसमें किसानों को फसलों की नवीन तकनीक, प्राकृतिक खेती, ड्रोन उपयोग से लेकर एफपीओ की भूमिका तक का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम प्राथमिकता से किसान कल्याण केंद्र, कृषि विज्ञान केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक विकास खंड में चार प्रमुख फसलों का चयन होगा, जबकि पिछले तीन वर्षों में सर्वोच्च उत्पादन देने वाले प्रगतिशील कृषक एवं कृषि सखियों को उद्बोधन के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
प्रति ग्राम पंचायत 90–100 किसानों की सहभागिता अनिवार्य रखी गई है। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती, दलहन–तिलहन की नई प्रजातियां, खरपतवार नियंत्रण, कृषि में ड्रोन का उपयोग, फार्मर रजिस्ट्री, एफपीओ की भूमिका, जायद की मक्का–मूंग–उर्द उत्पादन तकनीक आदि प्रमुख विषय शामिल रहेंगे।
रबी 2025–26 के लिए किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर इन गोष्ठियों एवं किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित गोष्ठियों की फोटो, प्रतिभागियों की उपस्थिति और वक्ताओं का विवरण विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। जिसमें 500 रुपये मूल्य के कीटनाशी व बीज पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे।
दो दिवसीय पाठ्यक्रम में पहले दिन दो से पांच बजे तक फसल तकनीक, प्राकृतिक खेती और ड्रोन उपयोग पर सत्र होगा। जबकि दूसरे दिन फार्मर रजिस्ट्री, तकनीकी कौशल, एफपीओ और जायद फसलों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट उप कृषि निदेशक लखनऊ को भेजनी होगी। अपर कृषि निदेशक के इस संबंध में जारी आदेश के क्रम में उप कृषि निदेशक लखनऊ विनय कुमार कौशल की ओर से लखनऊ की ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्यक्रमों का विवरण भी जारी कर दिया गया है(साभार एजेंसी)
