(वाराणसी,UP)12दिसंबर,2025.
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि काशी को हाइड्रोजन जलयान का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा। दो अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल की सौगात भी मिलेगी। फ्रेट विलेज, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क बनाया जाएगा। इसकी परियोजना तैयार है। इस पर 2026 से काम शुरू होगा। इससे जलयान क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने नमो घाट से देश के पहले हाइड्रोजन जलयान को हरी झंडी दिखाई। इसका संचालन गंगा में होगा। उन्होंने हाइड्रोजन जलयान की विशेषता बताई और कहा कि यह शून्य प्रदूषण वाला देश का पहला जलयान है। काशी हाइड्रोजन फ्यूल पर आधारित वाहनों के संचालन का प्रतिनिधित्व करेगी।
जलमार्ग परिवहन को बढ़ावा देने के लिए अगले साल तक काशी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेंगे। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया की प्रतिबद्धता और सभी क्षेत्रों में हरित परिवहन की ओर बदलाव को दर्शाती है। केंद्रीय मंत्री जलयान में सवार होकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचे।
इस दौरान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दया शंकर मिश्रा दयालु, विधायक अवधेश सिंह, कृपाशंकर सिंह, जलमार्ग मंत्रालय के सचिव विजय कुमार, आईडब्ल्यूएआई अध्यक्ष सुनील पालीवाल मौजूद रहे(साभार एजेंसी)
