प्रगति राज,लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन

Bihar / Jharkhand

(पटना,बिहार)29जून,2026

मुजफ्फरपुर जिले की युवा मुक्केबाज़ प्रगति राज ने सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ वह लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनी हैं।

मुजफ्फरपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव रणवीर कुमार अमर और कोच बब्लू देव ने बताया कि पंजाब स्थित एलपीयू विश्वविद्यालय में आयोजित सब जूनियर गर्ल्स नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में प्रगति राज ने 64 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025 की सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था। लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय खिताब जीतने के साथ ही वह बिहार की पहली महिला मुक्केबाज़ बन गई हैं, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है ।

इस प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मुजफ्फरपुर की प्रगति राज और औरंगाबाद की नित्या पांडेय ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं भागलपुर के वीर और मुंगेर के लक्की ने कांस्य पदक अपने नाम किया। सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार का गौरव बढ़ाया।

प्रगति राज ने अपने बॉक्सिंग करियर की शुरुआत मुजफ्फरपुर जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन से की थी। बेहतर प्रशिक्षण के लिए वह बाद में दिल्ली चली गईं, जहां पिछले कुछ वर्षों से लगातार अभ्यास कर रही हैं। उनके पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में हरियाणा के हिसार में तैनात हैं। परिवार के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर प्रगति ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

बिहार ने इस बार सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बिहार बॉक्सिंग एसोसिएशन की महासचिव स्मिता कुमारी और चेयरमैन राजीव कुमार सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बिहार का नाम रोशन करेंगे(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *