देव दीपावली को लेकर बनाई गई कार्ययोजना

UP / Uttarakhand

(वाराणसी,UP)14अक्टूबर,2025.

वाराणसी में गंगा घाटों पर सिल्ट हटवाने के लिए नगर निगम की ओर से मजदूर बढ़ाने का निर्देश मेयर अशोक कुमार तिवारी ने दिया है। पानी उतरने के साथ ही सफाई शुरू कराई जा रही है। डाला छठ और देव दीपावली को ध्यान में रखकर नगर निगम ने कार्ययोजना बनाई है। अधिकारियेां ने बताया कि पानी जैसे जैसे उतरता जाएगा वैसे वैसे सफाई होगी। सभी घाटों को जोनवार बांटा गया है।

क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे निगरानी करते रहें। जैसे ही पानी कम हो वैसे ही सफाई शुरू कराएं। खासकर पूजा पाठ वाले घाटों को पहले साफ कराएं। इसके बाद दूसरे घाटों को साफ कराएं। पिछले दिनों मेयर और नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया था। उस दौरान कई घाटों पर सिल्ट मिले थे। इसके लिए मुख्य अभियंता को जिम्मेदारी दी गई। साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया कि मजदूर बढ़ाकर काम कराएं।

गोला घाट का मलबे अब सफाई में बहकर जा रहा गंगा में
गंगा घाटों पर दीपावली के पूर्व निर्मल गंगा अविरल गंगा के संकल्प को पूरा करने की कवायद जारी है। रविवार को जल शक्ति मंत्रालय राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के नमामि गंगे अभियान के तहत गंगा विचार मंच महानगर इकाई ने गायघाट से नंदेश्वर घाट तक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पता चला कि गोलाघाट पर बाढ़ से पहले जमा मलबा अब सफाई के दौरान गंगा में बहकर जा रहा है।

जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान के दौरान सदस्यों ने श्रमदान किया। स्नानार्थियों से हाथ जोड़कर साबुन शैंपू न लगाने का आग्रह किया। हाथों में तख्तियां लिए दीपावली पर घरों से निकलने वाली मूर्तियों, शीशे व मेटल के फ्रेम वाली धार्मिक चित्रों को गंगा में विसर्जित न करने की अपील की।

शिवम ने बताया कि घाटों के जीर्णोद्धार के दौरान निकले इन मलबों का समुचित निस्तारण न होने के कारण बहकर सीधे गंगा में जा रहा है।नगर निगम के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *