(अंबाला,हरियाणा) 12अप्रैल,2026
हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत दूसरी धार्मिक ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन के माध्यम से प्रदेश के बुजुर्गों को तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के दर्शन करवाए जाएंगे। 5 मई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से विशेष ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिक 15 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
ऐसे करें आवेदन : सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक और पारिवारिक वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। आवेदक का हरियाणा का मूल निवासी होना और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। जो लोग 1.80 लाख से अधिक आय वर्ग में आते हैं या जिनकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच है, वे भी इस यात्रा का हिस्सा बन सकते हैं, लेकिन उन्हें पूर्ण भुगतान करना होगा।
जरूरी दस्तावेज : इच्छुक श्रद्धालु नजदीकी सीएससी सेंटर या स्वयं के स्मार्टफोन से सरल पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पीपीपी और शारीरिक फिटनेस की स्व-घोषणा अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद लाभार्थियों को 16 अप्रैल तक जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) कार्यालय में अपनी सूचना देनी होगी। (साभार एजेंसी)
