(प्रतापगढ़,UP)16अप्रैल,2026.
केंद्र सरकार अयोध्या-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन के हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित कर रही है।
प्रतापगढ़-सुलतानपुर-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग को हाई स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के तर्ज पर छह लेन में विकसित किए जाने की कवायद केंद्र सरकार द्वारा शुरू की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), अयोध्या को किमी 148.300 किमी से 56 किमी तक भूमि अर्जन के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ डीपीआर (डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के लिए कहा गया है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार अयोध्या के सोहावल तहसील के पांच, बीकापुर 40 तथा सदर के छह गांव शामिल किए गए हैं। सुलतानपुर में सदर तहसील के 48, जयसिंहपुर के दो तथा बल्दीराय के 23 गांव चिह्नित किए गए हैं। अमेठी के 13 और प्रतापगढ़ की पट्टी तहसील के 28 तथा सदर के तीन गांव इसके दायरे में हैं।
एनएचएआई अयोध्या को सौंपी गई जिम्मेदारी:
प्रतापगढ़ के अहमामऊ से अयोध्या के नाका तक 93 किलोमीटर राम वन गमन मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग के अधीन था। वर्ष 2025 में विभाग की ओर से इसे छह लेन में परिवर्तित करने के लिए दस हजार करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई थी। इसमें 90 मीटर की चौड़ाई में दोनों ओर भूमि चिह्नित करते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तर्ज पर सिक्स लेन का मार्ग व दोनों तरफ सर्विस रोड बनाए जाने की बात शामिल थी।
यह सिक्स लेन अहिमाने से मुख्य राजमार्ग से पश्चिम की ओर निकालते हुए कूरेभार के पास से प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग को क्रास कर पूरब की तरफ बनाया जाना प्रस्तावित था। इसके बाद यह कवायद ठंडे बस्ते में चली गई और सड़क की विभागीय जिम्मेदारी को बदलकर इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), अयोध्या को हस्तांतरित कर दी गई।
भविष्य में गंगा एक्सप्रेस वे से लिंक किया जा सकता है हाईवे:
विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित सिक्स लेन को गंगा एक्सप्रेसवे से लिंक कर भविष्य में चित्रकूट तक विस्तार किया जा सकता है। सरकार की मंशा राम वन गमन मार्ग को सिक्स लेन में बदलने के साथ ही हरित पट्टी के रूप में माडल राजमार्ग के रूप में विकसित करना है।
श्रद्धालुओं की राह होगी सुगम:
अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनने के बाद यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा व दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से उन्हें असुविधाएं होती हैं। चौड़ीकरण से उनकी राह सुगम होगी।
केंद्र सरकार द्वारा गजट का प्रकाशन अभी प्रारंभिक चरण में है। भूमि अर्जन अधिकारी के साथ मिलकर इसका डीपीआर बनाकर मंत्रालय को प्रेषित किया जाएगा। -अवनीश सिद्धार्थ, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, अयोध्या।
अयोध्या से प्रतापगढ़ तक छह लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। अब विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राजमार्ग में जाने वाली भूमि से संबंधित गांवों को लेकर बैठक होगी। उसके बाद आगे प्रक्रिया बढ़ेगी। -राकेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व।(साभार एजेंसी)
