(लखनऊ,UP)23अप्रैल,2026.
उत्तरप्रदेश में झुलसाती गर्मी और तपिश का कहर जारी है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाके गर्म हवा और लू के थपेड़ों की चपेट में रहे। प्रयागराज प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा और देश में दूसरे नंबर पर रहा।
माैसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी किया है। वहीं पश्चिम के 17 जिलों में वार्म नाइट की चेतावनी है यानी इन जिलों में रातें सामान्य से ज्यादा गर्म रहेंगी और रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
पूर्वानुमान है कि 26 अप्रैल से यूपी में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बूंदाबांदी होगी और लू के थपेड़ों व तपिश से फाैरी ताैर पर राहत मिलेगी।
बृहस्पतिवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं 43.8 डिग्री के साथ सुल्तानपुर प्रदेश में दूसरे नंबर पर गर्म रहा। फरूखाबाद में 28 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रही।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश भर में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और पश्चिमी यूपी, तराई आदि में बूंदाबांदी से पारे में गिरावट के संकेत हैं।
इन 40 जिलों के लिए है लू की चेतावनी:
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर।
यहां है वार्म नाइट होने की संभावना:
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, संभल, बदायूं।(साभार एजेंसी
