बनेगा उप्र का प्रथम “फूलों का उत्कृष्टता” केंद्र

UP / Uttarakhand

(अयोध्या,UP)21मई,2026.

उत्तर प्रदेश में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक बड़ी शुरुआत करने जा रही है। सरकार के अनुसार, प्रदेश का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर यानी फूल उत्कृष्टता केंद्र अयोध्या के पिरखौली क्षेत्र में बनाया जाएगा। दो करोड़ रुपये की लागत और तीन हेक्टेयर भूमि में तैयार होने वाला यह केंद्र किसानों के लिए तकनीक का हब बनेगा।

उद्यान विभाग के उप निदेशक अनूप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि यह केंद्र फूलों की आधुनिक खेती को बढ़ावा देने का मुख्य जरिया बनेगा। इस केंद्र के माध्यम से किसानों को फूलों की नई प्रजातियों की जानकारी, वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के गुर, कीटों से बचाव (कीट प्रबंधन), सिंचाई के तरीके और बाजार में फूल बेचने (विपणन) की पूरी ट्रेनिंग दी जाएगी। यहां डच रोज़ और गेंदे की उच्च गुणवत्ता वाली प्रजातियां लगाई जाएंगी।

अधिकारियों के अनुसार, राम मंदिर में प्रतिदिन पूजा-पाठ के लिए बड़ी मात्रा में फूलों की जरूरत होती है। इस केंद्र के बनने से स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाले फूल उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे बाहर से फूल मंगाने (आयात) पर निर्भरता कम होगी। इससे उन किसानों को सीधा फायदा होगा जो अब तक पारंपरिक खेती पर निर्भर थे। वे अब फूलों की खेती, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग), ड्राई फ्लावर (सूखे फूल) बनाने और निर्यात के जरिए अपनी कमाई बढ़ा सकेंगे।

उद्यान विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट में किसानों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि केंद्र में आधुनिक ग्रीनहाउस, टपक सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन), सौर ऊर्जा (सोलर पावर) और टिश्यू कल्चर लैब की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही, इस केंद्र के निर्माण और संचालन से फूल कटाई, पैकिंग, ट्रांसपोर्ट और मार्केटिंग जैसे कामों में स्थानीय युवाओं और महिलाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के कई नए अवसर मिलेंगे।

सरकार के अनुसार, कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में यह एक ठोस कदम है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही पिरखौली में इस केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और आने वाले समय में अयोध्या की ही तर्ज पर मथुरा और वाराणसी में भी ऐसे फूल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे पूरे प्रदेश में फूल उत्पादन का एक नया और मजबूत नेटवर्क तैयार होगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *