निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी का शानदार प्रदर्शन

Punjab

(चंडीगढ़,पंजाब)29मई,2026.

पंजाब निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी का झाड़ू चल गया है। आठ निगम, 75 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के लिए हुए 1977 वार्डों के चुनाव में आप ने स्पष्ट बहुमत लिया है। वहीं भाजपा ने अबोहर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव में अक्सर सत्तारूढ़ दल पर ही मतदाताओं का भरोसा कायम रहने की प्रथा इस बार भी कायम रही है। सूबे के सयाने मतदाताओं ने डबल इंजन की सरकार बनाकर अपने वार्डों के विकास को रफ्तार देने का काम कर दिया है।

इस बार पंजाब में निकाय चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे। विरोधियों ने इस बार खेला होने का दावा किया। हालांकि मतपेटियां खुलने के बाद साफ हो गया कि जनादेश आप को मिला है।

अबोहर में भाजपा का परचम,50 में से 28 सीटों पर कब्जा
अबोहर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 50 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज कर नगर निगम बोर्ड में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार होने के बावजूद भाजपा की यह जीत राजनीतिक तौर पर बेहद अहम मानी जा रही है।

चुनाव में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और विधायक संदीप जाखड़ की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। परिणामों ने साफ कर दिया कि अबोहर क्षेत्र में जाखड़ परिवार का प्रभाव अब भी मजबूत बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों, व्यक्तिगत संपर्क और क्षेत्र में पकड़ को देखते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया।

नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को 20 सीटों से संतोष करना पड़ा जबकि कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत सकी। एक सीट पर आजाद उम्मीदवार विजयी रहा। शिरोमणि अकाली दल खाता भी नहीं खोल सकी।

भाजपा समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाइयां बांटीं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर की रणनीति और जाखड़ परिवार की साख के दम पर बढ़त बनाई।

बरनाला निगम में 50 में से 36 सीटों पर आप का कब्जा
बरनाला नगर निगम चुनाव के सभी 50 वार्डों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। परिणामों में आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने कुल 50 में से 36 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने 7 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

कांग्रेस को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि 5 वार्डों में आजाद उम्मीदवार विजयी रहे। इसके विपरीत शिरोमणि अकाली दल बादल कोई सीट नहीं जीत सका। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और शहर के विभिन्न इलाकों में जश्न मनाया गया।

बरनाला में पार्टी की इस जीत ने यह साफ संकेत दिया है कि शहरी क्षेत्रों में भी पार्टी की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। दूसरी ओर कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को इस चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी।

बटाला नगर निगम में आप का कब्जा, 50 में से 30 वार्डों में जीत
बटाला नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 में से 30 वार्डों में जीत दर्ज कर निगम पर मजबूत पकड़ बना ली है। कांग्रेस 18 वार्डों में जीत हासिल कर दूसरे स्थान पर रही जबकि भाजपा ने दो सीटें जीतकर खाता खोला। शिरोमणि अकाली दल एक भी सीट नहीं जीत सका।

नगर निगम चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह बेरिंग यूनियन क्रिश्चियन कॉलेज स्थित केंद्र में शुरू हुई। सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ रही। मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच देखने को मिला।

जैसे-जैसे परिणाम सामने आते गए वैसे-वैसे समर्थकों में उत्साह बढ़ता गया। विजयी उम्मीदवार ढोल-नगाड़ों की धुन पर जश्न मनाते नजर आए जबकि हारने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों में मायूसी दिखाई दी। जीत के बाद विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने कहा कि बटाला की जनता ने विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। उन्होंने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि शहर में विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा।

पठानकोट निगम में भाजपा ने 23 वार्ड जीते
नगर निगम पठानकोट के चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी। भाजपा ने 23, कांग्रेस ने 18 और आप ने 9 वार्ड जीते।

तपा काउंसिल चुनाव के बाद हिंसा
नगर काउंसिल तपा के वार्ड नंबर 8 में चुनाव परिणाम के बाद गंभीर हिंसा हुई है। चुनाव हार चुके आजाद उम्मीदवार नाजम हुसैन राजू खान की पत्नी नाजिया पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ाने का आरोप है। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 8 से विजयी उम्मीदवार के समर्थकों पर आरोप है। उन्होंने चुनाव जीत के बाद इलाके में हंगामा किया। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने नाजिया को टक्कर मारी। गाड़ी उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में भीड़ की ओर आई। हादसे में महिला के सिर, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उसका एक बाजू भी टूट गया।

घायल महिला को पहले तपा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बरनाला रेफर किया गया। बाद में उसे बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल भेजा गया। पीड़ित परिवार ने इसे चुनाव जीतने के बाद की गुंडागर्दी बताया है। नाजिया के पति नाजम हुसैन राजू खान ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विजयी उम्मीदवार ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

कपूरथला निगम में कांग्रेस का 31 सीटों पर कब्जा
नगर निगम कपूरथला चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 में से 31 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई। आम आदमी पार्टी को 10 सीटें मिलीं जबकि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने 3-3 सीटों पर जीत हासिल की। तीन वार्डों में आजाद उम्मीदवार विजयी रहे।

मतगणना विरसा विहार स्थित केंद्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। सुबह से ही उम्मीदवारों और समर्थकों की भीड़ केंद्र के बाहर जुटी रही। जैसे-जैसे नतीजे सामने आए वैसे-वैसे राजनीतिक माहौल गर्माता गया। कई वार्डों में मुकाबला कांटे का रहा और जीत-हार का अंतर बेहद कम देखने को मिला।

वार्ड नंबर एक से कांग्रेस के दीपक सलवान, वार्ड नंबर दो से सुखविंदर कौर साही और वार्ड नंबर तीन से पूर्व मेयर कुलवंत कौर के पुत्र राजबीर सिंह विजयी रहे। वार्ड नंबर चार से आजाद उम्मीदवार अमन रानी और वार्ड नंबर पांच से आम आदमी पार्टी के जसजीत सिंह ढोट ने जीत दर्ज की।

वार्ड नंबर 30 में कांग्रेस उम्मीदवार कमाकाशी दुग्गल और वार्ड नंबर 43 में अकाली दल के कोमल कुमार की जीत सबसे चर्चित रही। चुनाव नतीजों के बाद शहर में जश्न का माहौल रहा। कांग्रेस की बढ़त के बाद नगर निगम में मेयर पद पर भी पार्टी का दावा मजबूत माना जा रहा है।

मोगा निगम में आप ने 50 में से 31 सीटों पर जमाया कब्जा
मोगा नगर निगम और कोट ई शेखा नगर पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों में जनता ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया।

मोगा नगर निगम के 50 वार्डों में आम आदमी पार्टी ने 31 सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई। कांग्रेस को 7 सीटें मिलीं जबकि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के खाते में 3-3 सीटें गईं। वहीं 6 वार्डों में आजाद उम्मीदवार विजयी रहे।

कोट ई शेखा नगर पंचायत चुनाव में भी आम आदमी पार्टी का दबदबा देखने को मिला। 13 सीटों में से पार्टी ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि एक सीट पर आजाद उम्मीदवार ने जीत हासिल की।

चुनाव नतीजों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। समर्थकों ने जश्न मनाते हुए इसे विकास और जनहित की राजनीति की जीत बताया।

बठिंडा निगम चुनाव में आप की ऐतिहासिक जीत
नगर निगम बठिंडा चुनाव में आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है। पहली बार नगर निगम बठिंडा में आम आदमी पार्टी का पूरे बहुमत के साथ हाउस बनने जा रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। शहर के विभिन्न वार्डों में सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

जैसे ही परिणाम घोषित हुए, समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जमकर आतिशबाजी की। युवाओं ने डीजे की धुन पर नाचते हुए जीत का जश्न मनाया, जबकि महिलाओं ने विजयी उम्मीदवारों का फूलमालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर समर्थकों ने खुले वाहनों में रोड शो निकालकर जनता का आभार जताया।

मोहाली निगम चुनाव में आप को बढ़त:
मोहाली निगम चुनाव परिणामों में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलने के बाद पार्टी समर्थकों में उत्साह है। वार्ड नंबर-10 में निर्दलीय उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों ने कांग्रेस उम्मीदवार कंवरबीर सिंह सिद्धू को 131 वोटों से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। कंवरबीर सिंह सिद्धू पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के बेटे और पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू के भतीजे है।

सबसे रोमांचक मुकाबला वार्ड नंबर-47 में रहा, जहां आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार परमिंदर कौर ने केवल एक वोट के अंतर से जीत हासिल की। वार्ड नंबर-41 में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार गुरप्रीत कौर ने 35 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा को अहम सफलता दिलाई।

कांग्रेस उम्मीदवार बलजीत कौर ने वार्ड नंबर-37 से 882 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। उनकी जीत को क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत पकड़ के रूप में देखा जा रहा है। इसके अलावा कांग्रेस की अनुराधा आनंद ने वार्ड नंबर-12 से 829 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

पंचायत चुनाव में आप ने 105 सीट जीती:
नगर पंचायत की 246 सीटों के चुनाव में आप सबसे बड़ी पार्टी बनी है। आप ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि शिअद ने 46 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसी तरह कांग्रेस 26 और आजाद उम्मीदवार 48 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रहे हैं। बसपा को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा है जबकि नगर पंचायत में भाजपा कोई सीट नहीं जीत पाई।

नगर परिषद में आप को 630 सीटें मिलीं:
इसी तरह नगर परिषद की 1331 सीटों में से आप 630 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही है। इसी तरह कांग्रेस ने 263, शिअद ने 100, भाजपा ने 97 सीटों पर जीत दर्ज की है। 177 सीटों पर आजाद उम्मीदवार भी जीते हैं, वहीं 59 सीटों पर नतीजे आना अभी बाकी हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *