(पटना,बिहार)27जून,2026
बेऊर जेल के अधीक्षक पर कार्रवाई होने के बाद अब बिहार सरकार ने जेल प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए उपाधीक्षक स्तर के 30 अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला कर दिया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर गृह विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन सभी 30 जेल उपाधीक्षकों को राज्य की विभिन्न केंद्रीय, मंडल (सब-डिविजनल) और जिला जेलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने सभी अफसरों को बिना किसी देरी के तुरंत नए पदस्थापन स्थल पर जाकर कार्यभार संभालने का कड़ा निर्देश दिया है।
पूर्णिया जिला के राजेश कुमार मिश्रा को मुंगेर मंडल कारा का उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है। अरवल जिला के रामानुज राम को मोतिहारी केंद्रीय कारा की जिम्मेदारी दी गई है। पश्चिम चंपारण के जितेंद्र प्रसाद गुप्ता को मंडल कारा मधेपुरा की जिम्मेदारी दी गई है। पश्चिम चंपारण के रहने वाले सरवर इमाम खान को शेखपुरा मॉडल कारा का उपाधीक्षक बनाया गया है। वह अब तक कटिहार मंडल कारा में उपाधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। भागलपुर के रहने वाले शिवमंगल प्रसाद को समस्तीपुर मंडल कारा की जिम्मेदारी दी गई है। वह अभी बेगूसराय जिले के मॉडल कारा में उपाधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। लखीसराय जिला के रहने वाले प्रेमजीत कुमार को अब कटिहार मंडल कारा की जिम्मेदारी दी गई है। वह अभी बेतिया मंडल कारा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नालंदा जिला के रहने वाले धीरज कुमार को बेतिया मंडल कारा की जिम्मेदारी दी गई है। वह अब तक फुलवारी शरीफ के मंडल कारा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
शिवहर मंडल कारा में पदस्थापित खगड़िया जिला के विनोद कुमार को बेनीपुर उपकारा में पदस्थापित किया गया है। पूर्णिया जिला के केंद्रीय कारा में पदस्थापित भागलपुर जिला के रहने वाले सुनील कुमार अब दरभंगा मंडल कारा की जिम्मेदारी संभालेंगे। कटिहार मंडल कारा में पदस्थापित नालंदा जिला के सत्यजीत कुमार अब गया जी के केंद्रीय कारा की जिम्मेदारी संभालेंगे। सहरसा जिले के मंडल कारा में पदस्थापित मधेपुरा जिला के रहने वाले रत्नेश्वर कुमार को अब दलसिंहसराय के उपकारा की जिम्मेदारी दी गई है।
शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा भागलपुर में पदस्थापित मुंगेर जिला के रहने वाले पंकज कुमार को जमुई जिला के मंडल कारा में पदस्थापित किया गया है। बेगूसराय जिले के मंडल कारा में पदस्थापित सीतामढ़ी जिले के प्रमोद दास अब शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा मुजफ्फरपुर में पदस्थापित किये गये हैं। गया जी केंद्रीय कारा में पदस्थापित पटना जिला के रहने वाले नीतीश कुमार अब नवादा मंडल कारा की जिम्मेदारी संभालेंगे। नवादा जिले के मंडल कारा में पदस्थापित सहरसा जिला के सुशील कुमार अब रोसड़ा के उपकारा की जिम्मेदारी संभालेंगे। आदर्श केंद्रीय कारा बेउर पटना में पदस्थापित भोजपुर जिला के सितेश कुमार सिंह अब सासाराम मंडल कारा की जिम्मेदारी संभालेंगे। उपकारा मसौढ़ी में पदस्थापित नवादा जिला के गौतम कुमार अब अररिया जिले के मंडल कारा में पदस्थापित होंगे।(साभार समाचार एजेंसी)
