सीएम नीतीश कुमार ने पश्चिमी चंपारण को दी सौगातें

Bihar / Jharkhand

(बेतिया,बिहार)6अप्रैल,2026.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने दोन नहर शाखा सेवा पथ के पुनर्स्थापन कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है और तटबंध पर सड़क का पक्कीकरण भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह नहर सिंचाई के लिए अत्यंत उपयोगी है और इससे बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने गंडक बांध जलाशय के सामने बन रहे लव-कुश ईको टूरिज्म पार्क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अतिथि भवन एवं वाल्मीकिनगर ईको पार्क का भी भ्रमण किया और गंडक बैराज पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि सभागार परिसर से ‘ईको पर्यटन केन्द्र-वाल्मीकिनगर, प्रमंडल-2, वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य’ का शिलान्यास किया। साथ ही गिद्ध संरक्षण केंद्र (गोनौली एवं चिउटाहां) का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को जंगल भ्रमण में सुविधा होगी और वाल्मीकिनगर को एक प्रमुख ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार विकास कार्य कर रही है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *