(जयपुर,राजस्थान)15जुलाई,2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में ऐसा माहौल बनाया जाए कि अपराधी अपराध करने से पहले सौ बार सोचें। सीएम ने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में गंभीर अपराध होता है तो संबंधित रेंज आईजी और जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में भजनलाल शर्मा ने कहा कि केवल अपराधियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर ठगी और अवैध हथियारों के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए समन्वित कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अपराधियों के साथ-साथ उनके आर्थिक स्रोतों, सहयोगियों और सरगनाओं तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए ताकि अपराध का पूरा तंत्र ध्वस्त किया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अलवर, श्रीगंगानगर और भरतपुर में हाल की आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। वहीं उदयपुर के गोगुंदा में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण के मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध हथियार संगठित अपराध की रीढ़ हैं। जिन जिलों में आर्म्स एक्ट के मामले अधिक हैं वहां विशेष अभियान चलाकर हथियारों की सप्लाई चेन तोड़ी जाए। साथ ही ड्रग तस्करों की अवैध संपत्तियों को जब्त, कुर्क और ध्वस्त करने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आमजन का विश्वास कायम रखा जाए। उन्होंने साइबर पेट्रोलिंग बढ़ाने और साइबर सेल को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराधों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज में कानून का स्पष्ट भय बना रहे।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी आईजी और एसपी को एनडीपीएस, गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर और संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन जिलों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।(साभार एजेंसी)
