(लखनऊ,UP)05अगस्त,2026
उत्तर प्रदेश सरकार ने महिला कल्याण विभाग के लिए अनुपूरक बजट में 1094.40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया है। इसमें सबसे अधिक 930 करोड़ रुपये निराश्रित महिला पेंशन योजना के लिए रखे गए हैं। इस योजना के तहत पति की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जाती है।
अनाथ और विशेष परिस्थितियों में रह रहे बच्चों के शिक्षा, भरण-पोषण और समग्र विकास के लिए संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए 110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के लिए 54.30 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इस राशि का उपयोग पीड़ित महिलाओं और बच्चों को समयबद्ध सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने में किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री शक्ति समृद्धि योजना के लिए भी अनुपूरक बजट में 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सहायक होगी।(साभार एजेंसी)
