उप्र में रक्षाबंधन पर बहनों संग सहयोगी की यात्रा फ्री

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)22अगस्त,2026.

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को फ्री बस यात्रा का बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाएं अपने एक सहयोगी के साथ बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने परिवहन, पुलिस और प्रशासन को महिलाओं की सुरक्षित व सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के कड़े आदेश दिए हैं। इस दौरान महिला सुरक्षा के लिए ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ प्रमुख मार्गों पर सक्रिय रहेगा और बस चालकों की निगरानी की जाएगी ताकि नशे की हालत में कोई वाहन न चला सके।

शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के अन्य अहम मुद्दों पर भी निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद सहित विभिन्न शहरों में जलभराव की समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए लो-लैंड क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन लगाने और नालों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जिलों (जैसे बलिया, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर खीरी) में कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए प्रभावित परिवारों तक पका भोजन व राहत सामग्री पहुंचाने को कहा।

बैठक में चीनी की उपलब्धता और कीमतों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है और इसकी जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर स्कूलों को लेकर भ्रामक वीडियो और अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *