(लखनऊ,UP)22अगस्त,2026
उत्तराखंड राज्य के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री श्री मदन कौशिक ने शनिवार को निदेशालय आयुर्वेद एवं यूनानी सेवाएं, देहरादून परिसर में ‘आयुष सेतु पोर्टल’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव श्रीमती रंजना राजगुरु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयुष सेतु पोर्टल के शुभारंभ के साथ ही उत्तराखंड का आयुष विभाग डिजिटल युग में प्रवेश कर गया है। इस पोर्टल के माध्यम से योग नीति-2025, आयुष नीति-2023 एवं वैलनेस नीति के अंतर्गत विभिन्न प्रोत्साहन, प्रतिपूर्ति, अनुदान वितरण तथा पंजीकरण संबंधी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।
पोर्टल की प्रमुख सुविधाओं में पंजीकरण एवं प्रमाणीकरण, योग नीति के अंतर्गत प्रोत्साहन एवं प्रतिपूर्ति, अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन तथा वैलनेस सेंटरों के लिए स्टार रेटिंग की सुविधा शामिल है। इससे आयुष क्षेत्र से जुड़े संस्थानों, उद्यमियों एवं इच्छुक लोगों को विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सेवाओं में पारदर्शिता एवं सुगमता आएगी।
कार्यक्रम में निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं देहरादून, निदेशक होम्योपैथिक सेवाएं देहरादून, राज्य औषधि अनुज्ञापन अधिकारी डॉ. मिथिलेश, डॉ. जे.एन. नौटियाल, अध्यक्ष भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विभाग की ओर से इच्छुक जनों से आयुष सेतु पोर्टल से जुड़ने का आह्वान किया गया है। इसके लिए www.ayushwellness.uk.gov.in पर लॉगिन कर ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है। (साभार)
