(लखनऊ,UP)26अगस्त,2026
उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को हादसे, वाहन खराब होने या अन्य आपात स्थिति में मदद के लिए अलग-अलग तंत्र से संपर्क नहीं करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) सभी एक्सप्रेसवे के लिए एक इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर बनाएगा। इसका सीधा लाभ एक्सप्रेसवे यात्रियों को मिलेगा।
इसके लिए मौजूदा आपातकालीन हेल्पलाइन 14449 को कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। 14449 पर आने वाली कॉल की जानकारी, यात्री की स्थिति और घटना की गंभीरता दर्ज की जाएगी। इसके बाद संबंधित स्थानीय नियंत्रण कक्ष, एंबुलेंस, गश्ती वाहन, क्रेन, पुलिस या दमकल सेवा को तत्काल भेजने की व्यवस्था की प्रक्रिया एक ही प्लेटफॉर्म से संचालित होगी। सूचना मिलने,उसे दर्ज करने, ,सत्यापित करने, संबंधित एजेंसी को भेजने और मौके पर सहायता पहुंचने तक पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इस हाईटेक व्यवस्था को छह महीने में लागू करने का लक्ष्य है।
कैमरे बताएंगे जाम,हादसे और गलत दिशा में चलने वाले वाहन:
यूपीडा के मुताबिक कमांड सेंटर में एक्सप्रेसवे से मिलने वाली यातायात और निगरानी संबंधी सूचनाएं एक जगह दिखाई देंगी। उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों से यातायात की स्थिति, जाम,वाहनों की गति, रुके वाहन,गलत दिशा में चलने वाले वाहन,हादसे और अन्य घटनाओं की जानकारी मिल सकेगी।
एएनपीआर,गति मापने वाली प्रणालियों,मौसम और दृश्यता सेंसर से मिलने वाली सूचनाओं को भी इसमें जोड़ा जा सकेगा।(साभार एजेंसी)
