(वाराणसी,UP)28नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी में ‘CII बनारस बिएनाले 2026’ के प्रथम संस्करण का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उद्योग, कला, संस्कृति और व्यापार जगत से जुड़ी बड़ी संख्या में हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री के आगमन पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आयोजन आर्थिकी और आस्था के बीच अद्भुत समन्वय स्थापित करने का एक बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने कहा कि काशी हजारों वर्षों से ज्ञान, संस्कृति, कला और आध्यात्म का केंद्र रही है। यहां की परंपरा और आधुनिकता का संगम ही इसकी सबसे बड़ी पहचान है। ऐसे में बनारस बिएनाले जैसा आयोजन काशी की इस विरासत को नए आयाम देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में निवेश और उद्योग के लिए सबसे पसंदीदा राज्य बनकर उभरा है। काशी जैसे सांस्कृतिक नगरों में इस तरह के आयोजन स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। इससे बनारसी साड़ी, हस्तशिल्प, पर्यटन और सांस्कृतिक उद्योगों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने इस पहल के लिए सीआईआई और उनकी पूरी टीम का हार्दिक अभिनंदन किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे आयोजनों को हर संभव सहयोग देगी, जिससे काशी की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक ताकत दोनों मजबूत हों।
कार्यक्रम में विभिन्न स्टॉल, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोहा।(साभार सोशल मीडिया)
