8 से 10 दिसंबर तक होगा प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान )28नवंबर,2026

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने आज आगामी 8 से 10 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम के स्वरूप, आयोजन स्थल, अतिथियों के स्वागत और विभिन्न सत्रों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, विभिन्न गतिविधियों एवं आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रवासी राजस्थानियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उनके ठहरने, परिवहन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, निवेश सत्रों, उद्योग संवाद और युवाओं के लिए विशेष गतिविधियों को शामिल किया जाए, ताकि प्रवासी अपनी जड़ों से जुड़ाव महसूस कर सकें।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने तथा उनके अनुभव, निवेश एवं सहभागिता से प्रदेश के विकास को नई गति देने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। प्रवासी राजस्थानी दुनिया भर में अपनी मेहनत और प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रवासी अपने अनुभव और निवेश से राजस्थान के विकास में भागीदार बनें। इसके लिए उन्हें हरसंभव सहयोग और सुविधाएं दी जाएंगी। बैठक में अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *