एमएमएमयूटी,नाै करोड़ से बनेंगे सिंथेटिक ट्रैक व दर्शक दीर्घा

Uttar Pradesh

(गोरखपुर)14अक्टूबर,2024.

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बहु प्रतीक्षित सिंथेटिक ट्रैक और दर्शक दीर्घा का इंतजार खत्म होने वाला है। विश्वविद्यालय प्रशासन इसे अगली वित्त समिति और प्रबंध बोर्ड की बैठक में रखेगा। वहां से मंजूरी मिली तो करीब नाै करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सिंथेटिक ट्रैक और दर्शक दीर्घा का सपना पूरा हो जाएगा।

एमएमएमयूटी में वित्त समिति और प्रबंध बोर्ड की बैठक अति शीघ्र होनी है। बैठक के लिए एजेंडा तैयार कर लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि सभी एजेंडे पर मुहर लग जाएगी। विश्वविद्यालय में 512 छात्र क्षमता का एयर कंडीशनर छात्रावास भी शासन के सहयोग से तैयार होना है। करीब 46 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस एसी छात्रावास का डीपीआर बनाया जा रहा है। इसके अलावा विश्वविद्यालय में कुल 12 छात्रावास हैं। इनमें पुराने होने के कारण 11 छात्रावास जर्जर हो चुके हैं। उनके जीर्णोद्धार का एजेंडा भी वित्त समिति और प्रबंध बोर्ड में रखा जाएगा।

शोध और विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अच्छे शोध और पेटेंट पर इंसेंटिव का निर्णय लिया है। इसके तहत दो लाख रुपये तक का अवार्ड विद्यार्थियों-शिक्षकों को दिए जाने का प्रस्ताव है। इसे भी एजेंडा में शामिल किया गया है।

अगले वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट को भी एजेंडा में शामिल किया गया है। बजट को मंजूरी के बाद उसे शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। वर्तमान सत्र में बजट की समीक्षा की जाएगी। बजट को रिवाइज भी किया जा सकता है।

विश्वविद्यालय में छात्र-शिक्षक अनुपात सही किए जाने के लिए नए पद भी स्वीकृत किए जाने हैं। इसे भी एजेंडा में शामिल किया गया है। इसके तहत कुल 23 असिस्टेंट प्रोफेसर, 5 एसोसिएट और चार प्रोफेसर के नए पद सृजित होंगे। वर्तमान में कुल स्वीकृत पदों की संख्या 177 है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *