(नई दिल्ली)21मई,2025.
काशी के अंतरराष्ट्रीय सितारविद पण्डित देवब्रत मिश्रा ने बीते दिन राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में अंगोला के राष्ट्रपति को सितार की कर्णप्रिय धुन सुनाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में विदेशी राष्ट्राध्यक्ष जोआओ लौरेंको के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर पंडित देवब्रत मिश्र ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ साथ काशी की समृद्ध सांगीतिक परंपरा का भी दुनिया भर में मान बढ़ाया है।
हैदराबाद हाउस में संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सितार और बाँसुरी की जुगलबंदी की दोनों राष्ट्राध्यक्षों से सराहना मिली। उन्होंने सबसे पहले वृंदावनी सारंग की प्रस्तुति दी। उसके बाद उन्होंने अंगोला की एक प्रसिद्ध धुन सितार पर सुनाकर राष्ट्राध्यक्ष को खासा प्रभावित किया।
इसके बाद उन्होंने राग पहाड़ी, राग पीलू एवं राग भैरवी में धुन सुनाकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों को भावविभोर कर दिया। उनके साथ बाँसुरी पर रजत प्रसन्ना एवं तबले पर प्रशांत मिश्र रहे। पद्मश्री पण्डित शिवनाथ मिश्र के पुत्र देवब्रत के सितार वादन से प्रभावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं जोआओ लौरेंको ने उनकी भूरि भूरि प्रशंसा की।(साभार एजेंसी)