(नई दिल्ली)01अक्टूबर,2025.
कोटा शहर में 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे 132वें राष्ट्रीय दशहरे मेले में विश्व का सबसे ऊंचा रावण बनाया गया है। इस इसकी ऊंचाई 221 फीट है। दशहरे के दिन रावण दहन के साथ यह विश्व रिकॉर्ड बनेगा।इस दौरान कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला मौजूद रहेंगे।कोटा उत्तर नगर निगम आयुक्त और मेला अधिकारी अशोक त्यागी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
पहली बार सीएम के सामने होगा रावण दहन: अशोक त्यागी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कोटा दौरा दशहरे के दिन प्रस्तावित हो गया है।वे रावण दहन के दौरान दशहरा मैदान में मौजूद रहेंगे।इस संबंध में उनकी सहमति मिल गई है। हालांकि अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अगर कोटा दौरे पर आते हैं, तो यह पहली बार होगा जब दशहरे पर कोटा में किसी मुख्यमंत्री के सामने रावण दहन होगा।इधर, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और एसपी शहर तेजस्विनी गौतम ने मंगलवार को दशहरा मैदान का जायजा लिया। उन्होंने दशहरा मेला व रावण दहन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने रावण दहन को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से सामने के बैरिकेडिंग वाले एरिया में लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।साथ ही वीआईपी एंट्री, लोगों के बैठने की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण व पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि स्टॉल व झूले अपने निर्धारित स्थान पर लगें, यह सुनिश्चित किया जाए. फायर ब्रिगेड, पुलिस जाप्ता, स्थाई पुलिस थाना व चौकियां स्थापित करने के संबंध में भी उन्होंने जानकारी ली. इस दौरान मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी, आयुक्त अशोक त्यागी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दिलीप सैनी सहित प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे. जिला कलेक्टर ने बताया कि वीआईपी विजिट को लेकर तैयारी शुरू कर दी है, आधिकारिक कार्यक्रम आना अभी शेष है.
कुंभकरण और मेघनाद के पुतले खड़े करने का काम शेष: दशहरा मैदान में 221 फीट का रावण खड़ा कर दिया गया है. कुंभकरण और मेघनाद के पुतले मंगलवार को ही खड़े करने थे. हालांकि यह काम नहीं हो पाया. रावण को बनाने वाले हरियाणा के अंबाला निवासी राणा तेजिंदर चौहान का कहना है कि पूरी संभावना है कि देर रात तक दोनों को खड़ा कर दिया जाएगा. इनको खड़ा करने के लिए लगने वाले हुक नहीं आ पाए हैं। हुक आने के बाद आगे का काम शुरू होगा।अगर ऐसा नहीं होता है, तो बुधवार को दोपहर में दोनों को खड़ा कर दिया जाएगा. कुंभकरण और मेघनाद के पुतले 60-60 फीट के हैं, जिनको खड़ा करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा.
बारिश में भी नहीं हुआ कुछ: राजस्थान के कई इलाकों में मंगलवार रात को बारिश हुई। इस दौरान कोटा में भी जमकर बादल बरसे।दशहरा मैदान में 221 फीट का रावण खड़ा कर दिया गया है, लेकिन भारी बारिश में भी इस रावण के पुतले का कुछ नहीं बिगड़ा। रावण को बनाने वाले राणा तेजिंदर चौहान का कहना है कि वेलवेट के कपड़े से ही रावण बनाया गया है। ऊंचाई को ध्यान में रखते हुए पूरी सेफ्टी से उसे खड़ा किया गया है।रंगीन कागज से अगर रावण को बनाया जाता तो बारिश में वह धुल जाता, लेकिन विश्व रिकॉर्ड के लिए बनाए गए 221 फीट के रावण को वेलवेट के कपड़े से बनाया गया है। उसका चेहरा भी फाइबर का है, जिस पर कलर किया गया है, इसलिए तेज बारिश में भी इस रावण का कुछ नहीं बिगड़ा।(साभार एजेंसी)
