दीपोत्सव में जगमग होंगे गाय के गोबर से बने 25 हजार दीप

UP / Uttarakhand

(अयोध्या,UP)14अक्टूबर,2025.

इस बार के दीपोत्सव में राम की पैड़ी के घाटों पर गाय के गोबर से बने 25 हजार दीप भी जगमग होंगे। महापौर की पहल पर लखीमपुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं जड़ी बूटी मिश्रित इन विशेष दीपों को तैयार कर रही हैं। इन दीपों की पहली खेप बुधवार को यहां पहुंच जाएगी।

19 अक्तूबर को दीपोत्सव के नौवें संस्करण के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राम की पैड़ी पर एक साथ 26 लाख दीए जलाने के साथ अयोध्या अपने ही विश्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान रचेगी। इसमें गाय के गोबर से बने पर्यावरणीय अनुकूल और शुद्धता व पवित्रता के प्रतीक इन दीपों की भी खास भूमिका होगी। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी की पहल पर इन्हें तैयार करवाया जा रहा है।

15 महिलाओं ने बनाया
इन विशेष दीपों को लखीमपुर में देवी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की 15 महिलाओं की ओर से तैयार किया जा रहा है। इस समूह की महिलाएं सिर्फ गाय के गोबर में कुछ जड़ी बूटी मिश्रित कर पिछले दो महीने से इन्हें आकृति देने में जुटी हुई हैं।

इसके निर्माण में लखीमपुर खीरी के धौरहरा में स्थित बसंतापुर गोशाला के गोबर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे तैयार करने के लिए गाय के गोबर में जड़ी बूटी के साथ गेरू ओर चूने का इस्तेमाल भी किया गया है।

अयोध्या के दीपोत्सव के लिए तैयार किए जा रहे दीपों को लेकर लखीमपुर की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार भी उत्साहित है। इन दीयों के निर्माण की देखरेख कर रहे खंड विकास अधिकारी संदीप तिवारी ने अमर उजाला को बताया कि डीएम और सीडीओ का लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। उनकी ओर से ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इस काम के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इन दीपों की पहली खेप को लेकर बुधवार को एक प्रतिनिधि मंडल लखीमपुर से अयोध्या पहुंचेगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *