‘सीएम युवा योजना’ के लाभार्थियों को परखेंगे

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)7फरवरी,2026.

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) को अब केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसके वास्तविक प्रभाव का आकलन भी किया जाएगा। योजना के तहत ऋण लेने वाले 50 हजार युवाओं का इम्पैक्ट असेसमेंट कराया जाएगा, जिससे यह पता चल सके कि इससे रोजगार, आय और स्वरोजगार में कितना सुधार हुआ है। यह निर्देश मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।

अवनीश अवस्थी ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 72 प्रतिशत प्रगति हो चुकी है, जो संतोषजनक है, लेकिन शेष लक्ष्य को समय पर पूरा करना जरूरी है। अगले चरण में इम्पैक्ट असेसमेंट के जरिए यह देखा जाएगा कि कितने नए रोजगार बने, कितने व्यवसाय सफल हुए और युवाओं की आर्थिक स्थिति में कितना बदलाव आया।

उन्होंने जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही पश्चिमांचल के जिलों में मंत्री स्तर की बैठकें कर लक्ष्यपूर्ति तेज करने को कहा गया। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत भी दिए गए। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने पारदर्शी चयन, बेहतर प्रशिक्षण और व्यावहारिक परियोजनाओं पर जोर दिया। मिशन निदेशक ने बताया कि अब तक करीब डेढ़ लाख युवाओं को ऋण दिया जा चुका है और 15 मार्च 2026 तक लक्ष्य पूरा करने की योजना बनाई गई है। अगली समीक्षा 2026-27 की शुरुआत में होगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *