उ.प्र.सेतु निगम ने साल भर में बनाए रिकॉर्ड 76 पुल

UP / Uttarakhand

( लखनऊ,UP )14जून,2025.

उत्तर प्रदेश में सेतु निगम ने वर्ष 2024-25 में 76 पुलों का निर्माण किया। इनमें 43 नदी सेतु, 28 आरओबी और 5 फ्लाईओवर शामिल हैं। इसे सेतु निगम की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सेतु निगम के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 8 वर्षों में सीएम योगी के निर्देश पर कुल 471 सेतुओं का निर्माण किया गया है। इसमें 313 नदी सेतु, 143 आरओबी और 15 फ्लाइओवर शामिल हैं।

इसी का नतीजा है कि वर्ष 2017-18 में सेतु निगम जहां कुल टर्नओवर 1013.74 करोड़ था, वहीं वित्तीय वर्ष 2018-19 में यह बढ़कर 1360.34 करोड़ पहुंच गया। वित्तीय वर्ष 2019-20, 2020-21 तथा 2021-22 में भी वृद्धि दर्ज करते हुए टर्नओवर क्रमशः 1511.18 करोड़, 1936.92 करोड़ और 1959.33 करोड़ रहा। वर्ष 2022-23 में हालांकि टर्नओवर में कुछ कमी आई और यह 1946 करोड़ के स्तर पर रहा।

इसके बाद के वर्षों में टर्नओवर में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2023-24 में टर्नओवर बढ़कर 2376 करोड़ हो गया जबकि 2024-25 में यह 2583 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2017-18 से लेकर 2024-25 तक उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के टर्नओवर में 2.5 गुना वृद्धि हुई है।

इस वर्ष भी निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जाएगा:
अब प्रदेश के 10 मंडलों में जारी निर्माण व विकास कार्यों को लेकर विस्तृत ब्योरा पेश किया गया है। इसी कार्ययोजना के आधार पर वित्त वर्ष 2025-26 में प्रदेशभर में जारी विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य को इस वर्ष भी पूरा किया जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *