(मेरठ,UP)12अप्रैल,2026.
दिल्ली रोड किनारे मोहिउद्दीनपुर समेत चार गांवों की भूमि खरीदकर न्यू टाउनशिप विकसित की जानी है। इसके लिए लेआउट प्लान और कालोनी के अंदर विकास को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में 15 अप्रैल को मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के सभागार में प्री-बिड मीटिंग का आयोजन किया जाएगा।
मेडा अपनी प्राथमिकताएं बताएगा ताकि अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार उच्च गुणवत्ता की टाउनशिप विकसित हो सके। कंपनियां अपने-अपने प्रस्ताव रखेंगी, जिसमें बताएंगी कि वे न्यू टाउनशिप के लिए उनके पास क्या योजना है। जिसका प्रस्ताव बेहतर होगा उस कंपनी का चयन होगा।
294 हेक्टेयर की इस टाउनशिप में मिश्रित भूउपयोग रखा गया है इसलिए इसमें नीचे शापिंग कांप्लेक्स और ऊपर आवासीय अपार्टमेंट रहेंगे। प्रदूषण रहित उद्योग व कंपनियों के लिए भी स्थान आरक्षित रहेगा। इस टाउनशिप को फेस-वन व फेस-टू के रूप में विकसित किया जाएगा।
दोनों फेस को कुल 31 सेक्टरों में बांटा गया है। चयनित कंपनी इसमें जनसंख्या, रियल एस्टेट ट्रेंड, भूमि मूल्य, आर्थिक स्थिति और आसपास के विकास का अध्ययन करेगी। टाउनशिप में आवासीय, संस्थागत, व्यावसायिक और मनोरंजन संबंधित भवन व सुविधाएं रहेंगी।
2050 की आवश्यकता को देखते हुए इसकी विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। इस टाउनशिप के लिए किसानाें की सहमति के आधार पर जमीन खरीद की प्रक्रिया चल रही है, अब तक 150 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है।(साभार एजेंसी)
