प्रशासनिक कारणों से रुका एजुसेट का नया शेड्यूल

Hariyana

(अंबाला,हरियाणा)1मई,2026.

हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने एजुसेट नेटवर्क के जरिए होने वाले प्रसारण के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। विभागीय निर्देशानुसार 3 मई तक के लिए निर्धारित टेलीकास्ट शेड्यूल फिलहाल प्रशासनिक कारणों से जारी नहीं किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमतौर पर यह प्रसारण दो चैनलों पर होता है। इसमें चैनल-1 पर पहली से दसवीं कक्षा और चैनल-2 पर 11 व 12 वीं कक्षा की पढ़ाई कराई जाती है। केबल और डीटीएच नेटवर्क के लिए इस सप्ताह का शेड्यूल फिलहाल उपलब्ध नहीं होगा लेकिन इसे जल्द ही जारी करने की कोशिश की जा रही है।

पढ़ाई न हो बाधित, इसलिए अपनाएं ये विकल्प
शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि एजुसेट का शेड्यूल उपलब्ध न होने की वजह से छात्रों की पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए, इसके लिए निदेशालय ने वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी है। स्कूल के समय के दौरान छात्र हरियाणा के चैनल नंबर 83 से 87 पर शिक्षण सामग्री देख सकते हैं। इसके अलावा पढ़ाई के लिए www.haryanaedusat.com और आधिकारिक यूट्यूब चैनलों की वेबकास्टिंग सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है। निदेशालय ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यह जानकारी सभी संबंधित शिक्षकों और छात्रों तक पहुंचाई जाए।

शिक्षा निदेशालय से मिले निर्देश की जानकारी स्कूल मुखियाओं सहित शिक्षकों को दी गई है ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुछ नए चैनलों की जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई है।

  • सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *