(अलीगढ़,UP)05मई,2026.
जनगणना-2027 के प्रथम चरण की प्रक्रिया अब एक डिजिटल मोड़ लेने जा रही है। मकान सूचीकरण एवं आवास गणना के अंतर्गत सात मई से स्व-गणना का काम शुरू किया जा रहा है। नागरिक अब स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाना होगा। वहां अपने मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण करने के बाद एक यूनीक आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी का उपयोग कर व्यक्ति अपने परिवार का विवरण भर सकेगा। डाटा भरने के बाद एक रसीद प्राप्त होगी, जिसे बाद में घर आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा।
भारत सरकार के निर्देशों के तहत इस बार आम जनता को ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक दिन को एक विशेष थीम समर्पित की गई है।- अविनाश कुमार, जिलाधिकारी
यहां से कर सकेंगे स्व-गणना:
स्व-गणना लिंक
क्या विवरण देना होगा
मकान की स्थिति और निर्माण सामग्री।
पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता
परिवार में उपलब्ध संपत्तियां (जैसे वाहन, डिजिटल उपकरण आदि)
परिवार के सदस्यों की संख्या और उनकी सामान्य जानकारी।
सात मई से 20 मई तक दिवस आधारित जागरूकता अभियान
जनगणना को डिजिटल और जन-भागीदारी से जोड़ने के लिए सात मई से 20 मई तक विशेष जनगणना जागरूकता एवं स्व-गणना अभियान चलाया जाएगा। इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को जनगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपना विवरण दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
ऐसे चलेगा अभियान:
शुरुआती चरण- सात मई को राजस्व एवं प्रशासन दिवस से इसकी शुरुआत होगी। आठ मई को स्थानीय सुशासन (नगर निगम/पंचायत) और नौ मई को युवा एवं मीडिया संस्थानों को जोड़ा जाएगा।
क्षेत्रवार सहभागिता- 12 मई को सुरक्षा बलों (यूनिफॉर्म फोर्सेज), 13 मई को बैंकिंग व रेलवे और 14 मई को शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम होंगे।
सामाजिक व डिजिटल पहुंच- 15 मई को स्वास्थ्य विभाग, 16 मई को उद्योग जगत और 17 मई को महिला स्वयं सहायता समूहों को जागरूक किया जाएगा। डिजिटल सहायता के लिए 18 मई को कॉमन सर्विस सेंटर और 19 मई को सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा।
अंतिम दिन – 20 मई को प्राइड डे के रूप में मनाते हुए सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा(साभार एजेंसी)
