प्रीपेड मीटर अपने आप हो जाएंगे पोस्टपेड

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)05मई,2026.

योगी सरकार ने प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। इस फैसले के बाद राजधानी लखनऊ के दो लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल जाएगी। खास बात है कि ये सभी प्रीपेड मीटर अपने आप पोस्टमोड में बदल जाएंगे। इसके लिए उपभोक्ताओं को न कहीं आवेदन की जरूरत है न ही कोई अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

अधिकारियों के मुताबिक स्मार्ट मीटर कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर से जुड़े हैं ये एक क्लिक पर पोस्टपेड मोड में बदल जाएंगे। हर महीने की 1 से 10 तारीख के बीच उपभोक्ताओं के मोबाइल पर उपभोग की रीडिंग के साथ बिल का मैसेज आएगा। अब बिल की पर्ची निकालने वाले कर्मचारी घरों पर नहीं पहुंचेंगे। मई माह के बिल का मैसेज उपभोक्ताओं के मोबाइल पर 1 जून से 10 जून के बीच पहुंचेगा। जो 15 दिनों के भीतर जमा करना होगा।

एक क्लिक पर बकाएदारों के लिए होगी मुसीबत, आरोप से बचेंगे कर्मचारी
स्मार्ट मीटर पोस्टपेट मोड में भले ही काम करेंगे, लेकिन इससे बिल न जमा करने वाले बड़े बकाएदारों के लिए मुसीबत भी होगी। उनकी बिजली एक क्लिक पर कटेगी और बिल जमा करने पर ही चालू होगी। बता दें कि अभी तक पोस्टपेड मोड में बिजली खर्च करके बड़े बकाएदार पैसा नहीं जमा करते थे। जब लाइनमैन व कर्मचारी कनेक्शन काटने जाते थे तो उनसे अभद्रता होती थी। कई बार पैसे मांगने के आरोप भी लगते थे। अब जब मौके पर कर्मचारी जाएंगे नहीं तो आरोप भी नहीं लगेगा।

कैंप में जमा कर सकेंगे बकाया बिल
पिछले माह तक बकाया बिल उपभोक्ता किस्तों में जमा कर सकेंगे। बिल संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए मई-जून में कैंप लगेंगे। जल्द ही कैंप की लगाए जाने का शेड्यूल जारी होगा।

सात हजार आवेदकों को मिलेंगे बिजली कनेक्शन
राजधानी के सभी जोनों में लगभग सात हजार से अधिक बिजली कनेक्शन आवेदन मोड में हैं। इनकी सत्यापन रिपोर्ट जल्द ही अधिकारियों को देने के लिए कहा गया है। इन उपभोक्ताओं के परिसर में अब केवल पोस्टपेड मीटर लगाए जाएंगे। प्रीपेड मीटर के उपभोक्ताओं का बैलेंस पोस्टपेड में बदलने पर उनके नए मीटर में जोड़ दिया जाएगा।

उपभोक्ता की शिकायत पर होगा एक्शन
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को यदि कोई परेशानी होती है तो वह अपनी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1912 पर दर्ज करवा सकते हैं। शिकायत का निस्तारण किया जाएगा। यदि शिकायतों का फर्जी निस्तारण होता है तो कठोर कार्रवाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर शिकायतकर्ता का फीडबैक भी लिया जाएगा।

वहीं, मुख्य अभियंता जानकीपुरम क्षेत्र मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वीपी सिंह ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर पोस्टपेड में बदलवाने के लिए कहीं आवेदन करने की जरूरत नहीं है। मीटर स्वत: पोस्टपेड मोड में काम करने लगेंगे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *