(चंडीगढ़,हरियाणा)08 नवंबर 2026
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के मधुमक्खी पालकों के हित में अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में सरकार ने मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल कर दिया है। इस पहल से हजारों मधुमक्खी पालक लाभान्वित होंगे और उन्हें मौसम की मार या अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान पर आर्थिक सहारा मिल सकेगा।
योजना के प्रावधानों के तहत मधुमक्खी पालकों को प्रति बॉक्स और प्रति कॉलोनी मात्र 50 रुपये प्रीमियम के रूप में जमा करने होंगे, जिसके एवज में उन्हें 1,250 रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा। इस बीमा योजना के अंतर्गत अधिकतम 6.25 लाख रुपये तक का बीमा क्लेम प्राप्त करने की सुविधा होगी, ताकि कॉलोनियों को क्षति पहुंचने पर पालकों को आर्थिक परेशानी न उठानी पड़े।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और मधुमक्खी पालकों की आय को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपदाओं से सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मधुमक्खी पालन न केवल शहद उत्पादन का जरिया है, बल्कि यह फसलों में परागण बढ़ाकर पैदावार बढ़ाने में भी मददगार है।(साभार सोशल मीडिया)
