सीएम योगी की देवबंद में सात को जनसभा

UP / Uttarakhand

(लखनऊ ,UP)06मई,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ सात मई को सहारनपुर के देवबंद में जनसभा करेंगे। वहीं 11 मई को बागपत के भगवानपुर नांगल स्थित शिव गोरखनाथ आश्रम में कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

वेस्ट यूपी दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित पश्चिम उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क हो गया है। सात मई को सहारनपुर जनपद के देवबंद में मुख्यमंत्री की जनसभा प्रस्तावित है, जिसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

सभा स्थल पर तेजी से चल रही तैयारियां:
मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए सहारनपुर-मुजफ्फरनगर राज्य मार्ग पर स्थित सिल्वर पैराडाइज के पास मैदान का चयन किया गया है। यहां विशाल पंडाल तैयार करने के लिए टेंट का सामान पहुंच चुका है।

सभा स्थल के आसपास साफ-सफाई और जमीन को समतल करने का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए सिल्वर पैराडाइज परिसर में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए मंडी समिति परिसर को चिन्हित किया गया है।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा:
तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने पूरे परिसर का भ्रमण किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयार किए जा रहे नक्शे की समीक्षा की और अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

विकास योजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास:
लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री अपनी इस जनसभा के दौरान जनपद की कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सभा को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है।

11 मई को बागपत दौरे की भी तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 मई को बागपत जनपद के भगवानपुर नांगल गांव स्थित शिव गोरखनाथ आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। यहां नवनाथ मूर्ति का अनावरण किया जाना प्रस्तावित है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री गौरीपुर गांव में नंदन कानन उद्यान का उद्घाटन कर सकते हैं। कार्यक्रम के बाद कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है।

अधिकारियों ने आश्रम का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए अधिकारियों ने भगवानपुर नांगल स्थित शिव गोरखनाथ आश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रवेश द्वार, हेलीपैड, सभा स्थल और संतों के ठहरने की व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही आश्रम परिसर में बने तालाब की साफ-सफाई कर उसमें पानी भरने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *