(देहरादून)11मई,2026.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट, देहरादून में ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना के शौर्य के कारण आतंकवाद के विरुद्ध ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। उन्होंने सेना के साहस, समर्पण और त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सेना के पराक्रम के कारण दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया। साथ ही देश की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने भारत की ओर होने वाले हमलों को नाकाम करते हुए एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने चार दिनों के भीतर अपने शौर्य से पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए झुकने पर मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का सेना और सैनिकों से विशेष भावनात्मक संबंध है, क्योंकि राज्य के लगभग प्रत्येक परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना से जुड़ा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सेना को अत्याधुनिक तकनीक और हथियारों से सुसज्जित कर रही है तथा भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य देशों को भी रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में रक्षा सामग्री के निर्यात में 38 गुना वृद्धि दर्ज की गई है और भारत आज 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में पांच गुना तक वृद्धि की है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सम्मान राशि बढ़ाने के साथ विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजन तथा आवेदन अवधि को 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष किए जाने का निर्णय भी लिया गया है।
इस अवसर पर गणेश जोशी, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी मेजर जनरल शमी सभरवाल, मेजर जनरल डी अग्निहोत्री, मेजर जनरल पीएस राणा, ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, ब्रिगेडियर केजी बहल, सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत, वाइस एडमिरल अनुराग थपलियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।(साभार)
