(चंडीगढ़,पंजाब)17मई,2026.
पंजाब में 26 मई को होने वाले मोगा नगर निगम और कोट ई शेखा नगर पंचायत के चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से मोगा पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल के दिशा-निर्देशों पर यह फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।
मोगा सब-डिविजन में डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह की अगुवाई में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह फ्लैग मार्च एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी शरारती तत्व के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस का सहयोग करें और जिले में अमन-शांति बनाए रखने में योगदान दें।(साभार एजेंसी)
