(जालंधर,पंजाब)31मई,2026
पंजाब के जालंधर में आयोजित एक्साइज एंड टैक्सेशन इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान कई परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों के अनुसार प्रेमचंद मारकंडा एसडी कॉलेज फॉर वूमेन, जालंधर में परीक्षा के लिए सुबह 10:30 बजे तक प्रवेश का समय निर्धारित था, लेकिन कुछ अभ्यर्थी ट्रैफिक और अन्य कारणों से 10:32 बजे तक मुख्य गेट पर पहुंच गए, जिन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने 10:31 बजे के आसपास ही गेट बंद कर दिए, जिसके कारण करीब 14-15 अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं कॉलेज के बाहर परेशान और निराश दिखाई दिए।जानकारी के अनुसार, ट्रिनिटी कॉलेज में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली, जहां कुछ अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के आसपास पहुंचने के बावजूद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। गेट बंद होने के बाद कई उम्मीदवारों ने अपनी नाराजगी जताई और मामले में उचित जांच की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि कुछ मिनटों की देरी के कारण उनका भविष्य दांव पर लग गया है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर इस मामले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।(साभार एजेंसी)
