पंजाब के युवाओं को करोड़पति बनने का मौका,शुरू हुआ खास पोर्टल

Punjab

(चंडीगढ़,पंजाब)14नवंबर,2026

पंजाब सरकार ने प्रदेश के युवाओं को ज्ञान और तैयारी के बल पर करोड़पति बनने का बड़ा अवसर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘पंजाब दा करोड़पति’ नामक पोर्टल की शुरुआत की है। इस योजना के अंतर्गत 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा आवेदन कर सकेंगे। इस प्रतियोगिता के विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, वहीं चार रनर-अप प्रतिभागियों को भी 10-10 लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वर्चुअल माध्यम से की गई घोषणा में जानकारी दी कि 15 से 30 साल तक के युवा इस योजना के लिए पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतियोगिता के विभिन्न चरण ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। इन चरणों में प्रतिभागियों को पूछे गए सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बाद की प्रक्रिया में पंजाब से संबंधित विषयों पर फिजिकल परीक्षा भी ली जाएगी।

पंजाब के इतिहास-भूगोल से जुड़े होंगे प्रश्न
इस प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, भूगोल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रश्नों का स्तर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले प्रश्नों के समान रखा जाएगा। यानी इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले युवाओं को अपनी सामान्य जानकारी को मजबूत करने के साथ-साथ पढ़ाई और तैयारी पर भी फोकस करना होगा।

KBC की तर्ज पर आयोजित होगा शो
भगवंत मान ने बताया कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता को प्रसिद्ध टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी जानकारी बढ़ाने और पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को एक करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि चार अन्य प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *