(चंडीगढ़,हरियाणा)14नवंबर,2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज पंजाब के पठानकोट पहुंचे, जहां उन्होंने भारत विकास परिषद, उत्तर क्षेत्र-1 के नवनिर्मित आरोग्य केंद्र और क्षेत्रीय कार्यालय के लोकार्पण समारोह में भाग लिया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और परिषद के पदाधिकारियों व मौजूद गणमान्य लोगों से आत्मीय चर्चा की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने हमेशा एक शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर समाज बनाने पर जोर दिया था। भारत विकास परिषद आज संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के पांच मूल मंत्रों के साथ उसी विचार को धरातल पर साकार कर रही है। यह संगठन समाज में राष्ट्रभक्ति और सेवा की भावना को निरंतर मजबूत कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नर सेवा ही नारायण सेवा है, यह हमारा मूल संस्कार है। समाज के प्रति निस्वार्थ समर्पण ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक दूसरे के सहयोग के लिए खड़ा होता है, तभी एक मजबूत और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव होता है।
उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और सेवा के क्षेत्र में परिषद का योगदान प्रेरणादायक है। पठानकोट में इस आरोग्य केंद्र और क्षेत्रीय कार्यालय के शुभारंभ से सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार मिलेगा, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा और क्षेत्र में सामाजिक सेवा की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।(साभार सोशल मीडिया)
