हरियाणा कैबिनेट की 3 नवंबर को बैठक

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)31अक्टूबर,2026.

हरियाणा सरकार ने 3 नवंबर को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में यह बैठक हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर होगी। इसमें पूरी कैबिनेट के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक को लेकर आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है, हालांकि एजेंडा अभी जारी नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हालिया गुजरात दौरे के बाद कैबिनेट बैठक में निवेश से जुड़ा प्रस्ताव आने की संभावना जताई जा रही है। गुजरात में निवेशकों के साथ हुई बैठकों के दौरान कुल 25 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों से जुड़े एमओयू साइन किए गए हैं। इनमें एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के 1400 करोड़ और सेमीकंडक्टर क्षेत्र के 2900 करोड़ रुपए के प्रस्ताव शामिल हैं।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक को उनके दौरे के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी एजेंडा जारी होने के बाद ही मिलेगी।

गुजरात दौरे में निवेश के प्रस्तावों पर हुए एमओयू

सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुजरात दौरे के दौरान बुधवार को गांधीनगर में निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक हुई। इसमें 25 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों से जुड़े एमओयू साइन किए गए। इनमें एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में 1400 करोड़ तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 2900 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। इससे पहले दौरे के पहले दिन भी निवेशकों के साथ 12 हजार करोड़ रुपए के एमओयू साइन किए गए थे।

अमित शाह के दौरे से पहले बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा आएंगे। इस दौरान वह करनाल में भाजपा की ‘प्रजातंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद अंबाला में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में उनके दौरे से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा हो सकती है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *