लुधियाना में 1 नवंबर से महंगा होगा दूध,प्रति लीटर 5 रुपये बढ़ेंगे दाम

Punjab

(लुधियाना,पंजाब)29अक्टूबर,2026.

त्योहारी सीजन के बीच लुधियाना वासियों पर महंगाई की मार पड़ने जा रही है। 1 नवंबर से शहर में दूध की कीमतों में इजाफा होने जा रहा है। हैबोवाल और ताजपुर रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स के संचालकों ने बैठक कर दाम बढ़ाने पर सहमति बना ली है। नए फैसले के लागू होते ही उपभोक्ताओं को एक लीटर दूध के लिए 5 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।

जिला डेयरी एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप सिंह लहोरिया और अन्य पदाधिकारियों ने इस बढ़ोतरी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लुधियाना के सभी बिक्री केंद्रों पर दूध 5 रुपये प्रति लीटर महंगा मिलेगा। साथ ही क्रीम कारोबार से जुड़े संचालकों के लिए फैट के रेट में 30 पैसे प्रति फैट की बढ़ोतरी तय की गई है।

एसोसिएशन ने सभी डेयरी कारोबारियों से अपील की है कि हालात को समझते हुए नई दरों को तुरंत लागू करें। संचालकों के मुताबिक, दाम बढ़ाने की मुख्य वजह पशु चारे की लागत में हुई भारी वृद्धि है। पिछले कुछ समय में सूखा चारा, हरा चारा, खल और दाने की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। लागत बढ़ने से डेयरी संचालकों के लिए परिवार का गुजारा करना भी मुश्किल हो रहा है।

पदाधिकारियों का कहना है कि अगर अब दाम नहीं बढ़ाए गए तो यह कारोबार पूरी तरह से चौपट हो जाएगा। लगातार घाटे के कारण कई परिवार अपने पुश्तैनी धंधे को छोड़ने पर मजबूर हैं। चेतावनी देते हुए कहा गया कि जो कारोबारी मौजूदा संकट को नजरअंदाज कर पुरानी दरों पर ही दूध बेचते रहेंगे, उन्हें आने वाले दिनों में अपनी डेयरियां बेचनी पड़ सकती हैं।

डेयरी संचालक राकेश कुमार ने बताया कि 40 साल में पहली बार महंगाई इस स्तर पर पहुंची है। पशुओं की कीमतें पहले ही बढ़ चुकी हैं। जो हरा चारा पहले 80-90 रुपये प्रति 40 किलो बिकता था, वह अब 140 रुपये पर पहुंच गया है। 250-300 रुपये प्रति मन बिकने वाली तूड़ी अब 400 रुपये प्रति मन हो गई है। खल, दाना और अन्य सामग्री भी महंगी हो गई है। कई डेयरियां बंद हो चुकी हैं, अगर नई दरों पर काम नहीं हुआ तो पूरा उद्योग बंदी की कगार पर पहुंच जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *