बदलता मौसम:यूपी में रेड अलर्ट, दिल्ली-बिहार में राहत

National

(नई दिल्ली)25मई,2026

देशभर में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है और इसी बीच आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण लू और हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। यानी देश के मौसम में एक साथ दो विपरीत तस्वीरें देखने को मिल रही हैं, एक तरफ तपती गर्मी और दूसरी तरफ राहत की फुहारें।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न:
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम करवट ले सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। कल राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

यूपी के 10 जिलों में रेड अलर्ट:
उत्तर प्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर सहित 10 जिलों में स्थिति सबसे गंभीर मानी जा रही है। यहां दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। राज्य के कुल 54 जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जनजीवन पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।

बिहार और झारखंड में बारिश की उम्मीद:
जहां उत्तर भारत लू की चपेट में है, वहीं बिहार के किशनगंज, पूर्णिया समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट हो सकती है, हालांकि कई जिलों में गर्मी और उमस अभी भी परेशान करेगी। झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। रांची सहित कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं।

उत्तराखंड में राहत की बारिश:
उत्तराखंड के कई जिलों में आज हल्की बारिश होने का अनुमान है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट:
मौसम विभाग ने असम और मेघालय में 25 से 29 मई तक भारी से अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और लक्षद्वीप में आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। कर्नाटक के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं का भी अनुमान जताया गया है।

मानसून की रफ्तार बढ़ी:
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों को कवर कर सकता है। इससे आने वाले दिनों में मौसम के और भी बदलने के संकेत मिल रहे हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *