(लखनऊ,UP)07जून,2026.
उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों के मौसमी उतार-चढ़ाव के बाद अब तपिश भरे दिन लौटेंगे। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में प्रदेश भर में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है।
रविवार से पूरे प्रदेश में पारा धीरे-धीरे चढ़ना शुरू होगा। मंगलवार से 9 जून से 11 जून के दौरान उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में लू चलने की आशंका है। शनिवार को प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में तपिश तथा तीखी धूप का प्रकोप रहा। वहीं पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में सुबह बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं चलीं।
शनिवार को झांसी 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। बांदा, उरई, फतेहपुर और वाराणसी में भी गर्मी का असर तीखा बना रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब मौसम शुष्क रहेगा और तपिश भरे दिनों की वापसी होगी।
सर्वाधिक तापमान वाले जिले
झांसी में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बांदा में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। उरई में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। फतेहपुर में भी 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
तपिश बढ़ी, दो दिन बाद लू के आसार
राजधानी में शनिवार को तपिश और उमस भरी हवा ने परेशान किया। तीखी धूप में देर तक टिकना मुश्किल हो रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी। पांच दिन में अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 10 जून को लखनऊ में लू के थपेड़े चलने का पूर्वानुमान है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक नौ जून से गर्म हवाएं चलेंगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री की बढ़त के साथ 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान एक डिग्री की बढ़त के साथ 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।(साभार एजेंसी)
