(कानपुर,UP) 18जून,2026.
इस खरीफ सीजन यूपी सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। वहीं, खेत बचाओ अभियान के तहत भी किसानों को रसायन मुक्त खेती में उतरने के लिए प्रोत्साहित किय जा रहा है। इस कड़ी में सीएम योगी ने गुरुवार को कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और मिनीकिट भी प्रदान किए।
विश्वविद्यालय के कैलाश सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला को संबोधित करने से पहले, सीएम योगी ने प्राकृतिक खेती से संबंधित एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री को प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किसान:
मुख्यमंत्री द्वारा प्राकृतिक खेती में विशिष्ट योगदान देने वाले जिन किसानों को सम्मानित किया गया, उनमें छोटेलाल (पैगूपुर) राजेश कुमार त्रिपाठी (शिवराजपुर) आशीष कुमार (कल्याणपुर) सुनील सिंह कटियार (बिल्हौर) और फूल सिंह यादव (झींझक) शामिल हैं।
लाभार्थियों को मिले चेक और श्री अन्न मिनीकिट:
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को सीएम योगी ने चेक भी सौंपा। दिनेश कुमार और उमा सिंह को योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं, प्रदेश में मोटे अनाजों की खेती को बढ़ावा देने की कड़ी में सीएम योगी ने विपिन्न शुक्ला और आशीष कुमार को श्री अन्न के एक-एक मिनीकिट बांटे।
प्राकृतिक खेती से आगामी पीढ़ियां स्वस्थ,सशक्त और समृद्ध:
इस कार्यक्रम के बारें में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए सीएम योगी ने लिखा कि आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध बनें, प्राकृतिक खेती इस दिशा में एक प्रभावी माध्यम बन सकती है। प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहन एवं अन्नदाता किसानों को नवीनतम तकनीक से जोड़ने हेतु आज कानपुर में आयोजित ‘प्राकृतिक खेती कार्यशाला-2026’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। साथ ही प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को सम्मानित भी किया गया।सभी अन्नदाता किसान बहनों-भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं।(साभार एजेंसी)
