यमुना जल समझौता:सीएम भजनलाल का भव्य रोड शो

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)30जून,2026

यमुना जल समझौते के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए उनका भव्य स्वागत किया। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, नारों और पारंपरिक स्वागत के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जयपुर एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मदन राठौड़ ने उन्हें चांदी का कलश भेंट किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सिर पर रखकर स्वीकार किया। मीडिया से बातचीत में भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी रही है और उनकी सरकार किसानों, उद्योगों तथा आमजन के लिए जल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसी वर्षों से लंबित योजनाओं को उनकी सरकार ने आगे बढ़ाया है।

एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री चार ई-बसों के काफिले के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हुए। पहली बस में उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ मौजूद रहे, जबकि अन्य बसों में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी सवार थे। कार्यकर्ताओं ने सीएम के काफिले का जवाहर सर्किल, गांधी सर्किल,रामबाग सर्किल और कॉनोडिया कॉलेज के सामने सहित कई स्थानों पर जोरदार स्वागत किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आलू से सोना बनाने की बातें करने वालों के विपरीत उनकी सरकार यमुना का पानी राजस्थान लेकर आई है। उन्होंने कहा कि पानी आने के बाद प्रदेश का किसान अपनी मेहनत से सोना उगाएगा(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *