टीबी मुक्त अभियान में लखनऊ उप्र में नंबर वन

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)09जुलाई,2026

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष टीबी अभियान में लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। टीबी की समय पर पहचान, जांच, उपचार और मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने समेत छह प्रमुख मानकों पर अधिकतम अंक प्राप्त कर जनपद जिलास्तरीय रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि 24 मार्च से 5 जुलाई तक चले अभियान की सफलता में आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों, निजी चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निक्षय मित्रों, लैब टेक्नीशियनों और जिला व ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की समन्वित भूमिका रही।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके सिंघल ने बताया कि अभियान के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष एक्सरे जांच, एक्सरे एग्जामिनेशन रेट, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) के तहत हाउसहोल्ड कॉन्टैक्ट कवरेज, एनएएटी टेस्ट, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर रेट और टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराने जैसे छह प्रमुख सूचकांकों पर लखनऊ को अधिकतम तीन-तीन अंक मिले। इस तरह जनपद ने कुल 18 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।

दो सप्ताह से खांसी हो तो तुरंत कराएं जांच:

डॉ. एके सिंघल ने सुझाया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन घटना, भूख कम लगना या बलगम में खून आने जैसे लक्षण हों तो वह तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी की जांच कराए। सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच और उपचार निशुल्क है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *