(वाराणसी ,UP)01अगस्त,2026
बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एक अगस्त से वाराणसी एयरपोर्ट से 10 नई उड़ानों का संचालन शुरू होगा। नई सेवाओं के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या में इजाफा होगा और दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु व विजयवाड़ा समेत कई प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
नए शेड्यूल के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस मुंबई के लिए दो नई उड़ानें तथा दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त उड़ान शुरू करेगी। वहीं आकासा एयर वाराणसी-बेंगलुरु के बीच अपनी नई प्रतिदिन विमान संचालन शुरू करेगी।
इंडिगो विजयवाड़ा के लिए नई उड़ान का संचालन प्रारंभ करेगी। इन सेवाओं के शुरू होने से एयरपोर्ट पर कुल 10 अतिरिक्त उड़ानों का संचालन होगा।
अभी तक वाराणसी एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 22 विमानों का आगमन और 22 विमानों का प्रस्थान, यानी कुल 44 उड़ानों का संचालन हो रहा था। एक अगस्त से नई उड़ानें जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हालांकि नई उड़ानों की शुरुआत ऐसे समय हो रही है, जब विमान ईंधन (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों और परिचालन लागत के कारण पिछले कुछ महीनों में वाराणसी एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं पर खासा असर पड़ा है। वर्ष की शुरुआत में जहां एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 84 उड़ानों का संचालन होता था और रोजाना 15 से 16 हजार यात्रियों का आवागमन दर्ज किया जाता था, वहीं वर्तमान में यह संख्या घटकर प्रतिदिन 44 से 45 उड़ानों और 8 से 9 हजार यात्रियों तक सिमट गई है।(साभार एजेंसी)
