उप्र के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की आशंका

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)21अगस्त,2026.

उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश पर संकेंद्रित निम्न दवाब क्षेत्र एवं निचले क्षोभमंडल में उत्तरी हरियाणा पर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर प्रदेश में आज देखने को मिलेगा। मानसूनी द्रोणी मेरठ, कानपुर से होते हुए उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है, जिससे आज प्रदेश के दक्षिणी भागों में कहीं कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं तराई के भागों में मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने से वर्षा में उत्तरोत्तर कमी आने का भी अनुमान है।

राजधानी में शुक्रवार शाम हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से तो राहत दी, मगर जलभराव ने शहरवासियों को परेशान कर दिया। शाम पांच बजे के बाद करीब आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इससे सड़कें तालाब में बदल गईं। दफ्तर से घर लौट रहे नौकरीपेशा लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। डालीगंज अंडरपास से गुजर रही कई गाड़ियां जलभराव के बीच फंसकर बंद हो गईं। लोग भीगते हुए गाड़ियां पैदल खींचते दिखे। बुद्धा पार्क के सामने और डालीबाग की गलियों में भी जलभराव हो गया। बटलर चौराहे पर भी पानी भरा रहा। गोमतीनगर से हजरतगंज जाने वाले लोगों को भी जलभराव से होकर गुजरना पड़ा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *