चार जिलों में भयंकर बारिश की चेतावनी

Bihar

(पटना,बिहार)25अगस्त,2026

मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना है. इसके असर से आज 25 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. अगले तीन दिनों में बिहार और उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है.

तेज हवा के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त को राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में तेज हवा चल सकती है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.

चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
26 अगस्त को बक्सर, गोपालगंज, सीवान और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी है. लोगों को मौसम खराब होने पर सावधान रहने की सलाह दी गई है. खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार में 26 अगस्त को कई जगह बारिश हो सकती है. इस क्षेत्र में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिले आते हैं.

उत्तर-मध्य बिहार में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस क्षेत्र में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी शामिल हैं.
उत्तर-पूर्व बिहार में 26 अगस्त को एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है. इस क्षेत्र में सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा आते हैं.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी बारिश हो सकती है. रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में कई जगह बारिश की संभावना जताई गई है.

दक्षिण-मध्य बिहार में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस क्षेत्र में पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय शामिल हैं.
दक्षिण-पूर्व बिहार में भी कुछ जगह बारिश का अनुमान है. यहां जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जिले आते हैं.

तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में बिहार के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है. अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में भी बड़ा बदलाव नहीं होगा. 26 अगस्त को उत्तर-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के आसपास रह सकता है. उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में यह 34 से 36 डिग्री के बीच रह सकता है. दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री रहने का अनुमान है. पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री रह सकता है. दक्षिण-पूर्व बिहार में भी अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

आकाशीय बिजली को लेकर सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवा के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है. खुले में रहने पर जल्द से जल्द किसी पक्के मकान में चले जाएं. ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें. बिजली से चलने वाली वस्तुओं से भी दूरी बनाए रखें. भारी बारिश की स्थिति में नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *