(जयपुर,राजस्थान)27अगस्त,2026.
राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों में चुनावी प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 39 अभ्यर्थियों ने 48 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
जिले के नगरीय निकायों में कुल 690 वार्डों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पहले दिन सबसे अधिक नामांकन जयपुर नगर निगम में 13 नामांकन पत्र 11 अभ्यर्थियों द्वारा दाखिल किए गए। इसके अलावा चौमू में 7, शाहपुरा में 4, बगरू में 4, चाकसू में 10, जमवारामगढ़ में 2, मनोहरपुर में 5, फागी में 2 तथा कानोता में 1 नामांकन पत्र दाखिल हुआ।
19 नगरीय निकायों में शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया—
जयपुर जिले के जयपुर, चौमू , शाहपुरा, बगरू,बस्सी , चाकसू, दूदू, जमवारामगढ़, जोबनेर, कालाडेरा, कानोता, किशनगढ़-रेनवाल, खेजरोली मनोहरपुर,नारायना , फागी, फुलेरा, सांभर तथा वाटिका सहित संबंधित नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन प्राप्त किए जा रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने के आगामी दिनों में प्रक्रिया और तेज होगी। नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी तथा इसके बाद अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
पारदर्शी एवं व्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया पर जोर—
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदेश नायक द्वारा नामांकन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपादित कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निर्वाचन अधिकारियों एवं कार्मिकों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर पहले दिन दाखिल हुए नामांकन पत्रों के साथ ही जयपुर जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं(साभार सू वि)
